भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कोरोना गाइडलाइन के पालन की अपील कर रहे हैं परंतु उनकी बातों और अपीलों पर उनकी पार्टी के लोग खुलेआम गाइडलाइन की धज्जियां उड़ा रहे हैं । आम कार्यकर्ताओं की क्या बात करें मंत्री, विधायक, और जिला अध्यक्ष श्री शिवराज सिंह की अपील को नहीं मानता। नहीं तो क्या मजाल पूरे प्रदेश का बुरा हाल होने के बावजूद शहडोल का जिला अध्यक्ष बर्थडे पार्टी मना रहे है।फिलहाल सत्तारूढ पार्टी के जिलाध्यक्ष पर अब तक कोई कार्रवाई नही की गई है।
कोरोना (covid19) वायरस के आंकड़े रोज बढ़ रहे हैं तो बढ़ें। लोगों की जान जोखिम में पड़े तो पड़े। हमें क्या। अगर हम ही सत्ता में होने के बावजूद क्षेत्र के लोगों के बीच रंगबाजी न दिखा सके तो हमारी अध्यक्षी की क्या फायदा। शायद जोशोजुनून के साथ अपना बर्थडे मना रहे नेता जी यही सोच रहे होंगे। नेता जी के इस जोश में प्रदेश के मुखिया की लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील कहीं कोने में दुबकी सुबक रही होगी। वीडियो देखकर कोई भी नेताजी की इस बहादुरी का तो कायल हो ही गया होगा कि उन्होंने अपने बच्चों तक से कोई भेदभाव न करते हुए उनसे भी केक खाकर उन्हें भी इस खतरे में डाल दिया। सत्तारूढ़ दल से जुड़े होने के नाते किसी अफसर की मजाल नहीं कि वह कुछ बोल सके। ऐसे में सवाल यही खड़ा होता है कि क्या नियम कानून सिर्फ आम जनता के लिए हैं।
शहडोल में 16 अप्रैल की सुबह 6 बजे तक कोरोना कर्फ्यू था। इसके बावजूद भाजपा जिलाध्यक्ष कमल प्रताप सिंह गाइडलाइन की धज्जियां उड़ाते हुए 13 अप्रैल 2021 को बर्थडे पार्टी मनाई। उन्हें लड्डुओं से तौला गया, आतिशबाजी की गई। यह जश्न उत्तम बनाया जा रहा था जब पूरे प्रदेश में लोग कोरोनावायरस के संक्रमण से मर रहे हैं। शहडोल में 19 लोग मर चुके हैं। कलेक्टर ने जिले में लॉकडाउन लगाते हुए नवरात्र पर्व, अन्य धर्मों के आयोजन पर प्रतिबंध लगाया था।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दिन में कम से कम 10 बार आम जनता से फेस मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग की अपील करते हैं। मार्च और अप्रैल में शिवराज सिंह चौहान की इसी अपील को आम जनता तक पहुंचाने में सरकारी खजाने से लगभग 10 करोड रुपए खर्च कर दिया गया बावजूद इसके कोई फायदा होता दिखाई नहीं दे रहा है। होगा भी क्यों, जब भारतीय जनता पार्टी का जिला अध्यक्ष मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अपील पर ध्यान नहीं देता तो फिर आम जनता क्यों देगी।
जिला अध्यक्ष कमल प्रताप सिंह ने एक आलीशान होटल में भारी भरकम भीड़ के साथ जन्मदिन मनाया। कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और अध्यक्ष महोदय को लड्डू से तौला गया। उनके मासूम बेटे व बेटी ने भी पापा को बर्थडे केक खिलाकर हैपी बर्थडे विश किया। इतना ही नहीं साहब का यह धमाकेदार जन्मदिन का कार्यक्रम फेसबुक लाइव किया जिसकी वीडियो अब सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है।