खंडवा — देश-प्रदेश में शायद ही ऐसा कोई श्मशान होगा जहां केक काटकर जन्मदिन मनाया जाता हो। लोग एक-दूसरे को मिठाई,जलेवी खिलाते हुए बधाइयां देकर सुरों की महफिल भी सजाते हैं। आए हुए अतिथियों का मनोरंजन के लिए प्रोजेक्टर से फिल्म दिखाई जाती है इस दौरान लोग खूब मनोरंजन करते हैं। जी हां, सुनने में यह बात अचरज भरी है, लेकिन हरफनमौला कलाकार स्वर्गीय किशोर कुमार की जन्मस्थली खंडवा में ऐसा सबकुछ होता है। इंदौर रोड स्थित किशोर कुमार मुक्तिधाम पर हर साल 4 अगस्त को किशोर दा के जन्मदिन पर सुबह से रात तक उत्सव मनाया जाता है। क्योंकि इसी श्मशान में किशोर दा की समाधि और स्मारक बना हुआ है।
किशोर दा के जन्मदिन पर होने वाले आयोजन को लेकर मंगलवार को निगम अधिकारियों द्वारा किशोर समाधि और स्मारक का निरीक्षण किया गया। यहां पर कलेक्टर अनय द्विवेदी एवं आयुक्त सविता प्रधान के निर्देशानुसार समाधि एवं स्मारक पर साफ-सफाई, पुताई व रंगरोगन का कार्य भी किया गया। समाधि और स्मारक को विद्युत सज्जा से भी सजाया जा गया हैै। यहां एक एलइडी भी लगाई गई है जिसमें कोरोना से बचाव के उपाय बताए जाएंगे। जन्मदिन के पूर्व ही गुजरात व अन्य प्रांतों से किशोर प्रेमी खंडवा पहुंचे और दादा की समाधि पर दूध जलेबी का भोग लगा कर समाधि पर पुष्प अर्पित करते हुए किशोर दा के गीतों को गुनगुना कर उन्हें याद किया।
कोरोना की दूसरी लहर में 16 अप्रैल को इसी श्मशान में अंतिम संस्कार करने के लिए जगह नहीं बची थी। आज उसी जगह सुबह से सुरों की महफिल सजी हुई है। देश के विभिन्न प्रदेशों से एक दिन पहले ही किशोर प्रेमी खंडवा पहुंच गए।यहां आने वाले प्रशंसकों को सैनिटाइज करने के बाद ही समाधि स्थल पर प्रवेश दिया जा रहा है ।प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि 4 अगस्त को समाधि पर नगर निगम प्रशासन एवं किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच के तत्वावधान में सुबह 9 से 12 बजे तक सुरमयी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित होगा। साथ ही गौरीकुंज सभागृह में शाम 7 बजे वर्चुअल किशोर नाइट 2021 का आयोजन होगा। जिसमें गायक किशोर पाराशर मुंबई, प्रसन्न राव भोपाल, गायिका श्रद्धा जगताप व रसिका गावड़े इंदौर द्वारा संगीतमय आर्केस्ट्रा के साथ गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं 4 अगस्त को दोपहर 2 बजे से बैंक ऑफ इंडिया वॉयस ऑफ खंडवा 2021 गायन प्रतियोगिता का फायनल मुकाबला आयोजित होगा। जिसमें फायनल में पहुंचे 10 प्रतियोगी देश के प्रसिद्ध निर्णायकों की उपस्थिति में अपनी गीत प्रस्तुत कर नंबर वन बनेंगे।