मण्डला । आए दिन हो रहे सड़क हादसों को रोकने के लिए यातायात जागरूकता के लिए मध्य प्रदेश ट्रैफिक पुलिस आए दिन नए-नए तरीकों से अभियान चला रही है। इसी के तहत अब मध्य प्रदेश के मण्डला जिले में यातायात पुलिस द्वारा एक अनोखे तरीके से यातायात सुरक्षा के लिए लोगों को जागरूक करने का बीड़ा उठाया है। अब यहां की ट्रैफिक पुलिस लोगों को फ्री में गोलगप्पे खिलाकर जागरूकता अभियान चला रही है। यहां मेले में घूमने आए ऐसे लोग जो यातायात नियमों का पालन करते मिले हैं उनको ट्रैफिक पुलिस ना केवल सम्मान कर रही बल्कि उन्हें फ्री में गोलगप्पे खिला कर उनका उत्साह बढ़ा रही है। पुलिस के इस अभियान से न केवल जिले में बल्कि पूरे प्रदेश में चर्चा हो रही है।
बता दें कि मंडला ट्रैफिक पुलिस की इस अनोखी पहल की चर्चा अब प्रदेश भर में होने लगी है दरअसल मण्डला के रेडक्रॉस चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा यातायात प्रदर्शनी लगाई गई थी। इसके तहत दुर्गोत्सव पर आस-पास के क्षेत्रों से भारी संख्या में लोग मेला घूमने शहर पहुंच रहे हैं। इस दौरान रेड क्रॉस चौराहे पर पुलिस ने चेकिंग का अभियान भी शुरू किया है। जिनके द्वारा यातायात नियमों का पालन किया जा रहा है उन्हें बकायदा गोलगप्पे खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया जा रहा है।
शहर में बढ़ती भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने यातायात के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य यह अभियान चलाया है चेकिंग के दौरान ट्रैफिक नियमों का पालन करना हेलमेट पहनना सीट बेल्ट लगाना गाड़ी को तेज गति से ना चलाने जैसी समझाइश दी गई साथ ही यातायात नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को मुफ्त में गोलगप्पे खिलाकर लोगों को जागरूक किया। लोगों ने गोलगप्पे का भरपूर आनंद भी लिया। ट्रैफिक पुलिस की इस अनोखी पहल को गांव से आए लोगों सहित शहर के लोगों ने भी सराहना की। पुलिस का मानना है कि मेलों में इस तरह के यातायात अभियान के तहत लोगों के दिलो-दिमाग में जहां पुलिस की छवि बनती है तो वहीं दूसरी तरफ लोग भी खुद का सम्मान पाने के लिए यातायात के नियमों का पालन करते हैं।