कोरबा । कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर श्रीमती साहू ने कार्यालय में पहुंचकर विभिन्न शाखाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कार्यालय में मौजूद स्टाफ की जानकारी भी ली। बताया जा रहा है कि पिछले दिनों शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर ने यह कार्यवाही की है। कलेक्टर औचक निरीक्षण के दौरान कई अधिकारी पसीना पसीना हो गए।जिला शिक्षाधिकारी आफिस में कार्यालयीन समय सुबह 10:30 बजे से शुरू होता है। तय समय से एक घंटे बाद भी कलेक्टर को अधिकांश कर्मचारी यहां गैरहाजिर मिले।
बता दें कि कलेक्टर ने डीईओ कार्यालय में विभिन्न पंजियों का निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति की जानकारी के लिए हाजिरी रजिस्टर को भी देखा । कलेक्टर ने बिना पूर्व अनुमति के कार्यालय से अनुपस्थित लेखापाल श्री यशपाल सिंह राठौर और विलंब से कार्यालय आने के कारण सहायक ग्रेड-2 श्रीमती प्रीति भारद्वाज को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने समय पर कार्यालय नहीं आने वाले कर्मचारियों का तत्काल रजिस्टर में अनुपस्थिति दर्ज करने के भी निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती साहू ने डीईओ कार्यालय निरीक्षण के दौरान सर्व शिक्षा अभियान शाखा, लेखा शाखा, परीक्षा खण्ड, आरएमएसए आदि शाखाओं में जाकर अधिकारी-कर्मचारियों से विभागीय जानकारी ली। उन्होंने विभागीय पदस्थापना सेटअप, जिले के शिक्षकों की संख्या, स्कूलों और उनमें अध्ययनरत् विद्यार्थियों की संख्या, छात्रों को दिए जाने वाले छात्रवृत्ति, अल्पसंख्यक विद्यार्थियों की संख्या एवं जिले में संचालित मदरसों की जानकारी भी मौके पर मौजूद अधिकारियों से ली। कलेक्टर ने कार्यालय में कर्मचारियों के कार्यालयीन समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में साफ-सफाई रखने और वृक्षारोपण करने के भी निर्देश दिए। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी जी. पी. भारद्वाज, जिला मिशन समन्वयक एस.के. अम्बष्ट सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
