नीमच- मध्य प्रदेश पुलिस से असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्यवाही कर रही है. इसी कड़ी में नयागांव पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान शुरू कर रखा हैं.अब नशे के खिलाफ अभियान में शुक्रवार को नयागांव पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है। नीमच-निम्बाहेड़ा फोरलेन पर कार की घेराबंदी कर 1 क्विंटल गांजा पकड़ा। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच की जा रही है।
नयागांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फोरलेन से बिना नंबर की कार से मादक पदार्थ की तस्करी होने वाली है। नयागांव चौकी प्रभारी सुमित मिश्रा ने टीम के साथ नीमच-निम्बाहेड़ा फोरलेन पर घेराबंदी कर कार का इंतजार किया। कार आती देख पुलिस ने रोका, कार चालक ने भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस पहले से तैयार थी। कार रोककर तलाशी में पुलिस को 1 क्विंटल गांजा मिला।
गांजे की यह खेप विशाखापट्टनम से लाकर राजस्थान में खपाने के लिए ले जाई जा रही थी। यही वजह है कि राजस्थान में भी होटल्स और पब में गांजे के कश लगवाए जाने के मामले आए दिन सामने आते रहे हैं। पुलिस सूत्रों की माने तो इन आरोपियों से पुलिस को ऐसे कई चौंकाने वाले राज सामने आएंगे जिसे एक बार सुनने में लोगों को शायद ही यकीन हो. इस मामले के बाद बाकि माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार आरोपी विशाखापट्टनम से राजस्थान जा रहे थे। पुलिस ने कार चालक संजय पिता कैलाश पुरी (26) निवासी हिरनमगरी उदयपुर एवं भरतसिंह पिता रधुनाथसिंह झाला राजपूत (33) निवासी पलवास भवानी मंदिर के पास थाना डबोक जिला उदयपुर राजस्थान। को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया है।
इस मामले मामले में नीमच SP सूरज वर्मा ने बताया कि, प्रदेश मुक्ति नशा अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। कार की डिक्की से 2-2 किलो के 50 पैकेट मिले, जिससे 1 क्विंटल गांजा जब्त किया गया है। जिसकी कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई जा रही है। इस इलाके में हाल ही में अफीम की खेती होती है। इसलिए यहां पर ज्यादा-से-ज्यादा नशा के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है ताकि युवा वर्ग इसकी चपेट में ना आए।