सिंगरौली 4 सितम्बर। खुटार चौकी प्रभारी बनने के लिए आधा दर्जन उप निरीक्षक भागदौड़ तेज कर दिये हैं। चौकी का प्रभारी कौन होगा यह अभी तय नहीं हो पाया है। जिसके चलते अभी भी चौकी प्रभारी विहिन है। दरअसल पिछले दिनों पुलिस अधीक्षक ने खुटार चौकी प्रभारी बालेन्द्र शेखर मिश्रा को रक्षित केन्द्र अटैच कर दिया था। तब से यह चौकी प्रभारी विहीन है। प्रभारी बनने के लिए करीब आधा दर्जन उप निरीक्षक भाजपा नेताओं के साथ-साथ अधिकारियों के यहां भागदौड़ कर रहे हैं।
सूत्र बताते हैं कि चौकी प्रभारी बनने के लिए बरगवां थाने में कई वर्षों से पदस्थ सुरेन्द्र यादव, कन्ट्रोल रूम में कार्यरत जीतेन्द्र भदौरिया, कुंदवार चौकी प्रभारी भीपेन्द्र पाठक, मोरवा थाने में पदस्थ विनय शुक्ला, उप निरीक्षक आरपी वर्मा के साथ-साथ तिनगुड़ी चौकी प्रभारी मुकेश झारिया चौकी प्रभारी बनने के लिए भाजपा नेताओं के संपर्क में हैं। हालांकि सूत्र बताते हैं कि इस बार पुलिस अधीक्षक को भाजपा नेताओं की ओर से किसी भी उप निरीक्षक को पदस्थ करने के लिए नाम नहीं ले रहे हैं। फिर भी दावेदार उप निरीक्षक लगातार भागदौड़ कर रहे हैं। चर्चाओं के मुताबिक सुरेन्द्र यादव, जितेन्द्र भदौरिया एवं विनय शुक्ला प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। मुकेश झारिया को भाजपाई पसंद नहीं कर रहे हैं। आरोप व शिकायत के चलते उन्हें यहां से हटाया गया था। इसलिए उनकी पदस्थापना की संभावना कम लग रही है। फिलहाल खुटार चौकी प्रभारी कौन होगा? इस बात को लेकर पुलिस महकमे में चर्चाएं जोर-शोर से हैं। वहीं खुटार का चौकी प्रभारी बनने के लिए आधा दर्जन उप निरीक्षक क्यों इच्छुक हैं यह भी एक सवाल खड़ा हो रहा है।