सिंगरौली 20 नवम्बर। नगर पालिक निगम सिंगरौली को स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 के परिणाम में प्रदेश में 7 वें व देश में 16 वां रैंकिंग अर्जित करने में सफल हुआ था। आज शनिवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में सिंगरौली शहर को कचरा मुक्त श्रेणी में 3 स्टार शहर घोषित करते हुए कलेक्टर एवं प्रशासक नपानि सिंगरौली राजीव रंजन मीना व स्वच्छ भारत अभियान के नोडल अधिकारी तथा नपानि अभियंता व्हीपी उपाध्याय को केन्द्रीय नगरीय प्रशासन मंत्री व केन्द्रीय सचिव आवास तथा शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा सम्मानित किया गया।
जानकारी के मुताबिक दिल्ली के विज्ञान भवन केन्द्र में आयोजित समारोह में सिंगरौली शहर को 3 स्टार शहर घोषित किया गया और नगरीय प्रशासन मंत्री शिव कुमार डहरिया एवं केंद्रीय सचिव आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय भारत सरकार दुर्गा शंकर मिश्रा द्वारा सिंगरौली कलेक्टर एवं प्रशासक नगर पालिक निगम सिंगरौली राजीव रंजन मीना तथा स्वच्छ भारत अभियान के नोडल अधिकारी व्हीपी उपाध्याय को सम्मानित किया गया। गौरतलब हो कि नगर पालिक निगम सिंगरौली को स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 के परिणाम में प्रदेश में 7वें व देश में 16 वे रैंकिंग में आगे आया है। सभी शहरवासियों के सहयोग के लिए कलेक्टर ने सभी सहयोगी संस्थाओं का धन्यवाद प्रेषित करते हुए शहर को उत्कृष्ट बनाने के लिए अपील की है। वहीं कहा है की ये सम्मान पूरे सिंगरौली का है।
वर्ष 2020 में 200 में 192 मिला था अंक
गीले कचरों के निष्पादन व कम्पोस्ट यूनिट के सफल संचालन के लिए वर्ष 2020 के स्वच्छता सर्वेक्षण में नपानि सिंगरौली को प्रदेश में 200 में से 192 अंक अर्जित कर प्रदेश में प्रथम पुरस्कार मिला था। उस दौरान 23 सितम्बर को भोपाल के प्रशासन अकादमी भवन में निगमायुक्त सिंगरौली आरपी सिंह को नगरीय प्रशासन मंत्री ने प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया था। शहर को ओडीएफ प्लस,कचरा सर्टीफिकेट, कचरा मुक्त शहर में 3 स्टार शहर में सिंगरौली को प्रदेश में 6 वां व देश में 15वां स्थान मिला था।
शहर को स्वच्छ बनाने का है लक्ष्य: कलेक्टर
नपानि सिंगरौली को कचरा मुक्त श्रेणी में 3 स्टार की केटेगरी में एवार्ड मिलने व सम्मानित होने पर नपानि के अधिकारी खुशी से झूम उठे हैं। वहीं कलेक्टर भी उत्साहित हैं। नवभारत दूरभाष पर चर्चा करते हुए कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने कहा कि यह जो सम्मान मिला है सभी सहयोगियों के बलबूते हासिल हुआ है। इसमें नपानि की टीम का विशेष योगदान है। साथ ही जनभागीदारी की भूमिका सराहनीय है। उन्होंने लोगों को अच्छी मोटीवेट किया है और आगे भी करते रहेंगे। उन्होंनेे कहा कि सिंगरौली को साफ-स्वच्छ बनाने का लक्ष्य है। कोल डस्ट एक चुनौती है। पर्यावरण प्रदूषण सबसे बड़ी चिंता है और इस पर विशेष रूप से कार्य करना है। अगला प्रयास होगा कि सिंगरौली 5 स्टार के केटेगरी में शामिल हो। यही पूरा प्रयास होगा।