भोपाल। कोरोना वायरस एक बार फिर से कहर बरपाने लगा है। आलम यह है कि Corona Vaccine की दोनो डोज लेने के बाद तक कलेक्टर Positive पाए गए हैं। सोमवार को जबलपुर कलेक्टर कर्मवीर सिंह के पॉजिटिव आने की बाद आग एक और भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी एवं नरसिंहपुर जिले के कलेक्टर श्री वेद प्रकाश कोरोनावायरस से संक्रमित हो गए। उन्हें गंभीर हालत में सोमवार की रात जबलपुर भेजा गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनकी जगह भरत यादव आईएएस को नरसिंहपुर जिले का प्रभारी कलेक्टर नियुक्त कर दिया है। मध्य प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा पदस्थापना आदेश जारी कर दिए गए हैं। इससे पहले कलेक्टर रोहित सिंह पॉजिटिव हो गए थे। उन्हे पद से हटा दिया गया था।
बताया गया है कि श्री वेद प्रकाश आईएएस पिछले कुछ दिनों से होम आइसोलेशन में थे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के पॉजिटिव आने के बाद से उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया था। सोमवार की रात अचानक उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई। उन्हें तत्काल जबलपुर रेफर किया गया। सिटी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। नरसिंहपुर के डॉक्टरों का कहना है कि रात में अचानक उनका बुखार बढ़ गया था। सीटी स्कैन करने पर इंफेक्शन फैलता हुआ दिखाई दिया।
नरसिंहपुर से भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री जालम सिंह पटेल भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। जालम सिंह मेट्रो अस्पताल में हैं, जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। इससे पहले झाबुआ में कलेक्टर रोहित सिंह, डिस्ट्रिक्ट जज राजेश गुप्ता और एडिशनल एसपी सहित 22 अधिकारी पॉजिटिव पाए गए थे।
कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने खुद जिलावासियों को सचेत किया है। उन्होंने कहा है कि, “तमाम सावधानियां बरतने के पश्चात भी थोड़ी सी चूक से व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव हो सकता है, ऐसा मेरा व्यक्तिगत अनुभव है। अतः मैं आपसे निवेदन करना चाहता हूं कि कोरोना के नियमों का बिना किसी चूक के पालन करें।” उन्होंने आगे कहा है कि मास्क अनिवार्य है लगाएं, दो गज की दूरी का पालन करें, भीड़ का हिस्सा न बने, हाथ सेनेटाइज करते रहें, कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है, जब तक की पूरी तरह से टीकाकरण नहीं हो जाता है तथा टीके के दो डोज लगाने और उसके बाद 15 दिन तक पूर्ण न हो जाएं तब तक मास्क ही वैक्सीन का कार्य करेगी। अतः कोरोना के बेसिक नियमो का पालन करें तथा प्रशासन का सहयोग करें।