सिंगरौली 30 नवम्बर। बरगवां स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के मैनेजर सहित अन्य स्टाफ पर बेरहमी से मारपीट कर वाहन में तोड़-फोड़ करते हुए भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ता फरार हो गये थे। जिनमें से 11 आरोपियों को बरगवां पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस जगह-जगह दबिश दी। तो वहीं गंभीर रूप से घायल मैनेजर बृजेश सिंह की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। जिनका ईलाज संजय गांधी अस्पताल रीवा में चल रहा है।
आरोप है कि शनिवार की रात बरगवां स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के बाहर खड़ी बोलेरो वाहन को भगवती मानव कल्याण संगठन के दर्जनों कर्मचारियों ने लाठी,डण्डे व राड से तोड़ फोड़ कर रहे थे। विरोध करने पर मैनेजर बृजेश सिंह सहित अन्य स्टाफ पर हमला करते हुए बेरहमी से मारपीट करना शुरू कर दिये। इस घटना में मैनेजर बृजेश सिंह को गंभीर चोटे आयी थीं। घटना की खबर मिलते ही बरगवां टीआई आरपी सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर रवाना किया। वहीं हमलावरों की तलाश शुरू कर दी। आरोपियों के विरूद्ध पीडि़त की रिपोर्ट पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इधर बताया जा रहा है कि बृजेश सिंह को जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर के चिकित्सकों ने संजय गांधी रीवा के लिए रेफर कर दिया था। जहां हेल्थ बुलेटिन जारी की गयी है। सूत्र बता रहे हैं कि घायल बृजेश सिंह की हालत अभी भी नाजुक है। उन्हें कानपुर के लिए रेफर किया जा रहा है। उधर उक्त घटना को लेकर पुलिस सख्त रूख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीओपी राजीव पाठक व टीआई आरपी सिंह लगातार नजर रखते हुए आरोपियों की धर पकड़ करने जगह-जगह दबिश दे रहे हैं। हालांकि आज एक भी आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं। टीआई ने साफ तौर पर कहा है कि किसी भी हालत में आरोपियों को बक्सा नहीं जायेगा।
०००००००