सिंगरौली 8 अप्रैल। प्रतिबंधित रूट से कोल परिवहन करते हुए 10 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए यातायात पुलिस ने वाहनों को जब्त कर लिया है। इस कार्रवाई से कोल ट्रांसपोर्टरों में हड़कंप मच गया है। बताया गया है कि बीते बुधवार की रात यातायात प्रभारी स्टाफ के साथ चेकिंग अभियान चलाया है। इस दौरान कोयला परिवहन कर रहे दर्जनभर से अधिक ट्रेलर वाहन प्रतिबंधित रूट से परिवहन कर रहे थे। कोल वाहनों को यातायात पुलिस ने जब्त करते हुए थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा करा दिया है। वहीं वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा भी यातायात पुलिस वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाकर उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दे रही है।
पुलिस अधीक्षक बीरेन्द्र सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी यातायात दीपेन्द्र सिंह कुशवाह थाना के स्टॉफ के साथ चेंकिग के दौरान प्रतिबंधित मार्ग से कोल परिवहन करते वाहनों को जब्त करते हुए समन शुल्क वसूल किया है। जानकारी के लिए बतादें कि प्रतिबंधित रूट से कोयला परिवहन कर रहे वाहनों की शिकायतें एसपी बीरेन्द्र सिंह को मिल रही थी। इसके बाद एसपी ने यातायात पुलिस टीम को निर्देशित कर समय-समय पर चेकिंग अभियान चलाकर कार्रवाई करने को निर्देशित किया है। जहां यातायात पुलिस की चेकिंग में रूट का उल्लंघन करते दर्जनभर कोल वाहन मिले हैं। जबकि कोयला परिवहन कर रहे वाहनों के लिए रूट तय किया गया है। रूट एनसीएल की खदानों से निकलने के बाद वाहन मोरवा, गोरबी, बरगवां होते हुए परसौना से रजमिलान मार्ग तय किया गया है। लेकिन कोल ट्रांसपोर्टरों की मनमानी के चलते वाहन चालक मनमानी रूट से कोल परिवहन कर रहे थे। ऐसे वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस ने कार्रवाई किया है। यातायात सूबेदार आशीष तिवारी के अनुसार कोल वाहनों पर 1-1 हजार रूपये एवं अन्य वाहनों से कुल 15 हजार 7 सौ से अधिक रकम चालान के रूप में वसूल की गयी है।
चलाया गया बीमा जागरूकता अभियान
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातयात पुलिस की ओर से जागरूकता अभियान चलाकर वाहनों का बीमा कराया जा रहा है। दो-चार पहिया वाहनों के बीमा की वैधता समाप्त हो चुकी हैं। ऐसे कई वाहनों को यातायात पुलिस ने चेकिंग के दौरान रोककर उन वाहनों का बीमा करवाई है। यातायात पुलिस ने बीमा एजेंट के माध्यम से वाहन चालकों को बीमा होने के फायदे व बीमा नहीं होने के नुकसान के बारे में वाहन चालकों को अवगत कराया है।