सिंगरौली 1 नवम्बर। बरगवां पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार विगत 1 अगस्त को आरोपी द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर राह चलती 15 वर्षीय नाबालिका से दुष्कर्म कर क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। पुलिस ने जहां उस समय तत्परता दिखाते हुए आरोपियों के साथियों को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं आरोपी रफीक मोहम्मद उर्फ बचऊ मुसलमान पिता रहमत उल्ला उम्र 55 वर्ष निवासी तेलदह थाना बरगवां फरार होने में कामयाब हो गया था। जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही थी।
बता दें कि करीब ढाई माह बाद मुखबिर की सूचना एवं साइबर सेल की मदद से आरोपी का पता हिमाचल प्रदेश में चला था। जिसके बाद एसडीओपी राजीव पाठक के निर्देशन व निरीक्षक आरपी सिंह के मार्गदर्शन में सहायक उपनिरीक्षक प्रवीण मरावी, प्रधान आरक्षक अमित जायसवाल व विजय पटेल की टीम आरोपी की तलाश में हिमांचल प्रदेश गई थी। बताया जाता है कि वहां पहुंचते ही भनक लगने के बाद आरोपी वहां से फरार होकर दिल्ली आ गया था। जिसका पीछा कर पुलिस भी दिल्ली पहुँची परंतु शातिर आरोपी वहां से भी बच निकलने में कामयाब रहा।
अंतत: आरोपी को पुलिस टीम ने इलाहाबाद रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। आरोपी पर अपराध धारा 341, 366, 366 ए, 376, 376 डी भादवि, 5 (जी) 6 पास्को एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। जिसे आज पुलिस अभिरक्षा में न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। उक्त कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक प्रवीण मरावी, प्रधान आरक्षक अमित जायसवाल, विजय पटेल के साथ साइबर सेल के दीपक परस्ते की विशेष भूमिका रही।