रतलाम।आस्था और भक्ति में जो ताकत होती है वह किसी और चीज में नही होती। इस आस्था और भक्ति का अद्भुत सामंजस्य दिखाई पड़ता है रतलाम स्थित केदारेश्वर मंदिर यहां दूर-दूर से श्रद्धालु व सैलानी पहुंचते हैं। घनघोर जंगल में पहाड़ी के नीचे स्थित प्राचीन शिवमंदिर केदारेश्वर हैं। जहां सावन सोमवार को कुदरत ने भगवान शिव का खुद जलाभिषेक किया है।
जिले में गत दिनों हुई जोरदार बारिश से सभी नदी नाले उफान पर हैं तो वही सावन सोमवार को रतलाम जिले के सैलाना गांव स्थित केदारेश्वर मंदिर के ऊपर का झरना फूट पड़ा। ऐसा लगा जैसे आसमान से फूटी धारा भगवान शिव का जलाभिषेक कर रही है। यहां हर वर्ष सावन के महीने में बड़ी संख्या में शिव भक्त सहित सैलानी पहुंचते हैं। केदारेश्वर मंदिर स्थित झरना पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना है। प्रसिद्ध केदारेश्वर मंदिर के झरने ने रौद्र रूप धारण कर लिया। झरने का बहाव इतना तेज है कि झरने के पानी से मंदिर परिसर डूब गया है।
सावन में स्वर्ग की होती है अनुभूत
ये मंदिर रतलाम से लगभग 25 किलोमीटर की दूरी पर मौजूद सैलाना गांव के पास है। पहाड़ियों से घिरा होने की वजह से बारिश में ये स्वर्ग जैसा नजर आता है। ऊंची-ऊंची पहाड़ियों से घिरी इस जगह पर आस-पास की चट्टानों से रिसता पानी इकठ्ठा होता है और फिर झरने की शक्ल में मंदिर के आंगन में गिरने लगता है। बारिश का पानी जब ऊंचाई से मंदिर के पास स्थित कुंड में गिरता है तो पानी की छोटी-छोटी सतरंगी बूंदें वातावरण को इंद्रधनुषी आभा प्रदान करती हैं। ये मंदिर करीब ढाई सौ साल पुराना है और इसका एक अपना ऐतिहासिक महत्व भी है।
महाशिवरात्रि, वैशाख पूर्णिमा और कार्तिक पूर्णिमा पर लगता है मेला
यह मंदिर करीब ढाई सौ साल पुराना है यहां मौजूद शिवलिंग प्राकृतिक है। कहते है यहां पहले केवल एक शिवलिंग हुआ करता था। 1736 में सैलाना के महाराज जयसिंह ने यहां एक सुंदर मंदिर का निर्माण करवाया और आगे जाकर यही मंदिर केदारेश्वर महादेव मंदिर’ के नाम से मशहूर हुआ। हर साल यहां महाशिवरात्रि, वैशाख पूर्णिमा और कार्तिक पूर्णिमा पर मेला लगता है। वहीं सावन के महीने में तो कावड़ यात्रियों का यहां मेला से लग जाता है। बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री और भक्त यहां आते हैं और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं। श्रावण मास में बड़ी संख्या में कावड़ यात्री और श्रद्धालु यहाँ आते हैं और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करते है।
https://youtube.com/shorts/mrMX7XBsNbE?feature=share