कोरोना जानकारी ही बचाव है,देश में कुल संक्रमितों की संख्या 223
जबलपुर–दुनिया भर में हाहाकार मचा रहे घातक कोरोनावायरस ने जबलपुर के रास्ते मध्य प्रदेश में दस्तक दे दी है। अभी तक इस संक्रमण से महफूज मध्यप्रदेश में इसका खाता खुल गया है। विदेशों से लौटे शहर के चार नागरिकों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मनीष मिश्रा ने इसकी पुष्टि कर दी है। बताया गया कि सिविल लाइन निवासी युवक जो स्विट्जरलैंड में पढ़ाई कर रहा है हाल ही में जर्मनी-फ्रांस होकर शहर लौटा था। इसी तरह नेपियर टाउन निवासी एक ही परिवार के 3 लोग हैं जो हाल ही में थाईलैंड से लौटे थे। पहले संदिग्धों को विक्टोरिया अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था, लेकिन कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद इन्हें नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बनाए गए विशेष वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। इन सभी के सैंपल जांच के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ट्राइबल हेल्थ भेजे गए थे। शुक्रवार शाम को सभी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि सभी चारों मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए तमाम जरूरी सावधानियां बरती जा रही है। देश के कई राज्यों में तेजी से फैल रहे घातक कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर जिला प्रशासन तमाम एहतियाती कदम उठा रहा है। विदेश यात्रा से लौटने या विदेशी नागरिकों को आइसोलेशन में रखकर जांच पड़ताल की जा रही है, मगर शुक्रवार से पहले तमाम लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई लेकिन शाम आते-आते चौंकाने वाली चार पॉजिटिव रिपोर्टों से प्रशासन के साथ-साथ पूरे शहर में हड़कंप मच गया है।
जिला कलेक्टर भरत यादव ने कहा कि निगरानी प्रोटोकॉल के तहत प्रशासन अब उन लोगों के बारे में जानकारी एकत्र कर रहा है जिनसे ये लोग विदेश यात्रा से वापस आने के बाद जबलपुर में मिले थे। उन्होंने लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है। इन लोगों के नमूनों की जांच जबलपुर के नेशनल इंस्टीट्यूट आफ रिसर्च इन ट्राइबल हेल्थ में की गई जो कि मध्यप्रदेश में एम्स भोपाल के बाद कोरोना वायरस की जांच के लिए दूसरा अधिकृत केन्द्र है।
देश में कुल संक्रमितों की संख्या 223
भारत में एक दिन में सबसे अधिक 50 नए मामले सामने आए। इसके साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 223 पहुंच गई है। इन संक्रमितों के संपर्क में आए 6700 से अधिक लोगों को निगरानी में रखा गया है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए राज्य की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए मुख्यमंत्रियों के साथ चर्चा की। देशभर में कोरोना वायरस के बढ़ रहे मामलों के बीच प्रशासन जांच एवं नियंत्रण प्रणाली की दोहरी समस्या का सामना कर रहा है। उसे लोगों के भय का सामना भी करना पड़ रहा है जिसकी वजह से आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी की जा रही है।