सिंगरौली : एक महिला ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और तीन बच्चियों के जन्म के बाद अपनाने से इनकार करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता न्याय की गुहार लेकर एसपी कार्यालय पहुंची, जहां उसकी शिकायत पर पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं।
महिला का आरोप है कि आरोपी ने उससे विवाह का भरोसा देकर लंबे समय तक संबंध बनाए। पीड़िता के अनुसार, जब पहली बच्ची का जन्म हुआ तो आरोपी ने उसे स्वीकारने में टालमटोल शुरू कर दी और बाद में तीनों बच्चियों को अपनाने से साफ इनकार कर दिया। महिला का कहना है कि उसने स्थानीय पुलिस से लेकर उच्च अधिकारियों तक कई बार शिकायत की, लेकिन उसे अपेक्षित न्याय नहीं मिला।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय उसके खिलाफ ही मामला दर्ज कर दिया गया, जिससे वह और अधिक मानसिक व सामाजिक दबाव में आ गई। न्याय की आस में वह एसपी कार्यालय पहुंची और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने एसडीओपी को प्रकरण की नए सिरे से जांच करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पक्षों के बयान दर्ज कर तथ्यों की गहन जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। अब निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि पीड़िता को न्याय मिलता है या नहीं और मामले की सच्चाई क्या सामने आती है।