खबर के बाद कोतवाली पुलिस हरकत में,मंडी से 7 जुआरी पकड़े,फड पर रेड,30,900 रुपये बरामद

सिंगरौली : शहर में कानून व्यवस्था पर उठे सवालों के बीच आखिरकार कोतवाली पुलिस हरकत में आई और कृषि उपज मंडी परिसर में चल रहे कथित जुए के फड पर छापेमारी कर सात जुआरियों को धर दबोचा। लंबे समय से स्थानीय लोग मंडी परिसर में देर रात तक जुए के खेल की शिकायत कर रहे थे। मामला उजागर होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेड डाली और मौके से नगद 30,900 रुपये बरामद किए। यह कार्यवाही विन्ध्य न्यूज़ में खबर प्रकाशन होने के बाद की गई है।

पुलिस के अनुसार सब्जी मंडी बिलौजी क्षेत्र में ताश के पत्तों पर हार-जीत की बाजी लगाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई और तत्काल छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान सात आरोपियों को मौके से पकड़ा गया, जबकि अन्य के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि संवेदनशील प्रशासनिक क्षेत्र के नजदीक इस तरह की गतिविधियों का संचालित होना पहले ही गंभीर चिंता का विषय था। लोगों का आरोप है कि मंडी परिसर में जुआरियों के लिए बाकायदा सुरक्षा जैसी व्यवस्था की जाती थी, जिससे वे बेखौफ होकर दांव लगाते थे। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा है कि यदि पहले ही सख्ती दिखाई जाती, तो अवैध गतिविधियां इस स्तर तक नहीं पहुंचतीं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और किसी भी सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। वहीं नागरिकों ने मांग की है कि केवल छापेमारी तक सीमित न रहकर नियमित निगरानी और रात के समय गश्त बढ़ाई जाए, ताकि ऐसे अड्डे दोबारा सक्रिय न हो सकें।

फिलहाल इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में हलचल है और लोग उम्मीद जता रहे हैं कि अब कानून व्यवस्था पर सख्त अमल दिखाई देगा, न कि केवल शिकायतों के बाद अस्थायी कार्रवाई।

About The Author