राजगढ़। मध्यप्रदेश में रविवार को 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस (Independence day) धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर राजगढ़ (Rajgarh) जिला मुख्यालय स्थित मुख्य समारोह में परेड निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री डा. मोहन यादव (In-charge Minister Dr. Mohan Yadav) जिस जिप्सी पर सवार थे, उस पर उल्टा तिरंगा (inverted tricolor) लगा हुआ था। कार्यक्रम के फोटो जारी होने के बाद मामला उजागर हुआ, तो इस पर राजनीति भी शुरू हो गई है। कांग्रेस ने इसे तिरंगे का अपमान बताया है। फिलहाल राजगढ़ एसपी ने वाहन चलाने वाले चालक को सस्पेंड कर दिया गया है जबकि 2 लोगों को नोटिस जारी की गई है।
15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउंड पर रखा गया था। परेड के निरीक्षण के लिए एक जिप्सी को बाकायदा सजाया गया था, लेकिन उस पर जो तिरंगा लगाया गया था, वह उल्टा था। तिरंगे का केसरिया रंग सबसे ऊपर होने चाहिए, जबकि जिप्सी पर लगा तिरंगे में हरा रंग ऊपर और केसरिया रंग सबसे नीचे कर दिया गया। मंत्री डॉ मोहन यादव, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक ने इसी वाहन पर सवार होकर पूरी परेड का निरीक्षण भी कर लिया। पूरा आयोजन सम्पन्न होने के बाद तक किसी का इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, लेकिन जब जनसम्पर्क विभाग द्वारा कार्यक्रम के फोटो जारी किये गए, तब यह मामला उजागर हुआ।
कांग्रेस का आरोप तिरंगे का अपमान किया
उल्टे तिरंगे को लेकर जिले में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने इस मुद्दे को हाथों हाथ लिया है। उल्टे तिरंगे को लेकर कांग्रेस पार्टी का आरोप है कि यह राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किया गया है।
जिम्मेदार कर्मचारी पर गिरेगी गाज
जिप्सी पर उल्टा तिरंगा लगाने को लेकर अब जिम्मेदार कर्मचारी पर जल्द ही गाज गिर सकती है। सम्बंधित कर्मचारी पर निलंबन की कार्रवाई की जा सकती है।