बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में त्यौहार को लेकर उत्साह
सीधी– होली के त्यौहार पर कल चहुंओर रंग और गुलाल बरसेंगे। रंगों का यह त्यौहार लोगों के बीच आपसी सद्भावना और प्रेम को बढ़ानें वाला माना जाता है। त्यौहार पर हर घर में विशेष व्यंजन एवं पकवान बनानें व खिलानें की पुरानी परंपरा रही है। जिसके चलते लोगों द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं। रंगों का त्यौहार होनें के कारण बाजारों में सबसे ज्यादा मांग रंग, गुलाल, अबीर एवं पिचकारी की रही। बच्चों एवं युवाओं द्वारा अपनी मन पसंद की सामग्रियों की खरीदी की गई है। जिससे सुबह से ही उन्हें रंग और गुलाल खेलनें का मौका मिल सके।
होरियारों की टोलियों में भी त्यौहार को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। होली का त्यौहारोत्सव सभी के जीवन मे बहुत सारी खुशियां और रंग भरता है लोगों के जीवन को रंगीन बनाने के कारण इसे आमतौर पर रंग महोत्सव कहा गया है। यह लोगो के बीच एकता और प्यार लाता है यह एक पारंपरिक और सांस्कृतिक हिंदू त्यौहार है जो प्राचीन समय से पुरानी पीढिय़ों द्वारा मनाया जाता रहा है।
ये ऐसा त्यौहार है जिसे लोग अपने परिवार के सदस्यो और रिश्तेदारों के साथ प्यार और स्नेह वितरित करके मनातें हैं जो उनके रिश्तों को भी मजबूती प्रदान करता हैं। यह एक ऐसा त्यौहार हैं जो लोगों को उनके पुराने बुरे व्यवहार को भुला कर रिश्तों की एक डोर मे बांधता हैं। इस दिन लोग लाल रंग और लाल गुलाल का प्रयोग करते है जो केवल लाल रंग नही है बल्कि एक दूसरे से प्यार और स्नेह का भी प्रतीक हैं। यह भारतीय मूल के हिंदुओं द्वारा हर जगह मनाया जाता है हालांकि यह मुख्य रूप से भारत और नेपाल के लोगों द्वारा मनाया जाता है।
कोरोना ने लगाई बंदिशें, पुलिस की चौकसी
रंगों का त्यौहार होली पर कोरोना के चलते कई तरह की बंदिशें लग गई हैं। लोग सार्वजनिक तौर पर भीड़भाड़ के साथ होली का त्यौहार नहीं मना सकेंगे। इसके लिए प्रशासन की ओर से गाईडलाइन भी निर्धारित कर दी गई है। आज होली के त्यौहार पर पुलिस की चौकसी काफी तेज रहेगी। पुलिस प्रशासन की ओर से त्यौहार पर सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। बाजार क्षेत्रों एवं मुख्य मार्गों में पुलिस बल की ड्यूटी प्वाइंट बनाकर लगाई गई है। वहीं पुलिस की मोबाईल पार्टियां भी सुबह से लेकर रात में भी लगातार गश्त में रहेंगी। प्रशासन द्वारा लोगों से पहले ही अनुरोध किया जा चुका है कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण के चलते घर पर ही रह कर होली का त्यौहार मनाएं। कोरोना के खतरे के चलते ज्यादातर लोग घर मेें ही त्यौहार पर रहनें का मन बना चुके हैं। शहर से लेकर गांव तक में होली के त्यौहार को लेकर लोगों में जहां उत्साह है वहीं कोरोना के खतरे के चलते लोगों में बाहर निकल कर होली न मना पानें का मलाल भी है।
कुछ लोगों तक सिमटा फाग गीत
गुनगुनाती सर्दी के बीच शीतल मंद बयार और नव पल्लव से आच्छादित वृक्ष एवं लताओं से प्राप्त होने वाली सुखानुभूति को सदियों से अभिव्यक्ति प्रदान करने वाले फाग गीत अब अश्लीलता में खो गए हैं। पाश्चात्य संगीत का युवाओं पर बढ़ता प्रभाव फाग आदि गीतों को अब इतिहास के पन्नों में ढकेल दिया है। भंग और रंग में सराबोर होकर पूरे वर्ष के गिले शिकवे भूल ढोल मंजीरों के साथ टोली बनाकर एक-दूसरे के घर जाकर होली के एक सप्ताह पूर्व से ही फाग गीतों का गाना व नाचना अब सपना होता जा रहा है। सरसों के फूलने के साथ शुरू होने वाला यह क्रम होली के दिन तक चलता था। गांव-गांव में ढोल मंजीरों के बीच चलता फगुआ रात के अंधेरे में हर कानों को काफी कर्ण प्रिय हुआ करता था लेकिन नई पीढ़ी में इसकी अब कोई पूछ नहीं रही।
50 के दशक से अस्सी के दशक तक फिल्मों में मौजूद फाग गीत उनकी सफलता की गारंटी देती थी। होली आई रे कन्हाई होली आई रे, रंगों के दिन दिल खिल जाते हैं, रंगों से रंग मिल जाते हैं, रंग बरसे भीजे चुनर वाली आदि ने लोगों पर दशकों तक राज किया, लेकिन नब्बे का दशक आते आते मामला उल्टा हो गया। एलबमों के माध्यम से आए अनेक गायकों ने सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए फूहड़पन परोसना शुरू कर दिया। देखते-देखते अश्लीलता की होड़ लग गई।
होलिका दहन का हुआ आयोजन
जिले भर में आज रात होलिका दहन कार्यक्रम का आयोजन शुभ मुहूर्त में किया गया। जिला मुख्यालय में छत्रसाल स्टेडियम में विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी होलिका दहन कार्यक्रम का आयोजन नगरपालिका परिषद की ओर से किया गया। जिसमें काफी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। होलिका दहन के पश्चात मौजूद लोगो ने एक दूसरे को अबीर लगाकर होली के त्यौहार की बधाई दी। होलिका दहन के बाद से ही रंग पंचमी का शुभारंभ भी हो चुका है। कुछ स्थानो पर होलिका की राख से अबीर लगाकर त्यौहार की शुभकामनाएं दी गईं।
2 Comments
This is a very good tips especially to those new to blogosphere, brief and accurate information… Thanks for sharing this one. A must read article.
wonderful points altogether, you simply gained a new reader. What would you recommend about your post that you made a few days ago? Any positive?