Singrauli News : सिंगरौली 6 मई। जिले में इन दिनों लोगों का गर्मी से हाल-बेहाल है। रविवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया। लू के थपेड़ों के चलते लोग दोपहर के समय अपने घरों में ही कैद रहने को मजबूर दिखे। इधर, गर्मी के कारण डायरिया समेत कई बीमारियों के मरीजों का हॉस्पिटल में पहुंचना जारी है। अस्पताल में आउटडोर में मरीजों की संख्या बढ़ गई है तो वहीं भर्ती मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है।बता दें कि ऊर्जाधानी में लगातार तापमान उछल रहा है। वही इस बीच लू के भयंकर प्रकोप से लोगबाग बीमार होकर चिकित्सकों के शरण में जाने के लिए मजबूर हो रहे हैं। आज दिन रविवार का अधिकतम तापमान 43.2 एवं न्यूनतम 29 डिग्री रहा है। किन्तु तापमान 44-45 डिग्री जैसे महसूस हो रहा था।
दरअसल सूर्य देवता इन दिनों से आसमान से आग के गोले की तरह धूप बरसा रहे हैं। कल शनिवार को भी तापमान इस तरह बढ़ा था कि सुबह 9 बजे के बाद घरों से निकलना मुश्किल हो गया था। वही आज दिन रविवार की शाम 5 बजे तक लू का प्रकोप एवं तापमान का लोगबाग सामना कर रहे थे। शाम 5 बजे ऊर्जाधानी का तापमान 41 डिग्री था। वही मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आगामी दिनोंं में ऊर्जाधानी और तपेगी तथा लू का व्यापक असर रहेगा। Singrauli News
मिश्रा पॉलीक्लिनिक के संचालक डॉक्टर डीके मिश्रा ने बताया कि मौसम में बदलाव और तापमान में हो रही बढ़ोत्तरी के दौरान लापरवाही लोगो की सेहत पर भारी पड़ रही है। अभी अस्पतालों में लू-तापघात, उल्टी-पेटदर्द, बुखार, दस्त, डायरिया आदि के मरीज बढ़ रहे है। उन्होनें बताया कि गर्मी में शरीर में विशेष तौर पर पानी की अधिक जरूरत होती है। इस दौरान हमें खास तौर पर साफ पानी पीना चाहिए। लोगो को बीमारियों से बचाव के लिए एहतियात बरतनी चाहिए। बच्चे और बुजुर्ग दोपहर में बाहर नहीं निकले। सभी को जरूरी कामों के लिए ही दोपहर को बाहर निकलना चाहिए। बार-बार पानी पिएं, पानी की कमी नहीं होनें दें। Singrauli News