सिंगरौली 24 मार्च। नगर निगम के चर्चित कमिश्नर की कार्यप्रणाली को लेकर भाजपा के निवर्तमान अध्यक्ष चंद्र प्रताप विश्वकर्मा ने मोर्चा क्या खोला की कमिश्नर बैकफुट पर चले गए और आनन-फानन में अपने चहेते उपयंत्री से बाहर साहब का अतिरिक्त प्रभार छीन लिया है हालांकि वह अभी भी अपने आदेश को सार्वजनिक करने से परहेज कर रहे हैं।
नगर निगम के चर्चित उपयंत्री पीके सिंह से वाहन शाखा का अतिरिक्त प्रभार आयुक्त ने वापस करते हुए कार्यपालन यंत्री विद्युत व्हीपी उपाध्याय को सौंपने के लिए कहा है। हालांकि अभी तक आदेश को सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है। लेकिन कार्यपालन यंत्री व्हीपी उपाध्याय ने इसकी पुष्टि की है।
दरअसल नगर पालिक निगम सिंगरौली में पदस्थ उपयंत्री पीके सिंह अपनी कार्य प्रणालियों को लेकर सुर्खियों में हैं। 16 मार्च को ननि के संविदा चालक राजेन्द्र सिंह की सड़क हादसे में हुई दर्दनाक मौत के बाद भाजपा नेताओं ने उपयंत्री से वाहन शाखा का अतिरिक्त प्रभार छिनने के लिए मोर्चा खोल दिया। निगमायुक्त पहले आश्वासन देते रहे फिर टाल मटोल करने लगे। आखिरकार आज नगर निगम सिंगरौली के तहखाने से खबर आयी कि उपयंत्री पीके सिंह से आयुक्त ने वाहन शाखा का अतिरिक्त प्रभार छिनते हुए कार्यपालन यंत्री व्हीपी उपाध्याय को सौंप दिया है। हालांकि अभी तक उक्त आदेश को सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है। इसके पीछे कारण बताया जा रहा है कि इस आदेश के सार्वजनिक होने पर ननि में दम खम रखने वाले उपयंत्री को झटका लगेगा। यहां बताते चलें कि वाहन शाखा का प्रभार उपयंत्री से वापस न हो इसके लिए कई दलाल भी सक्रिय थे। लेकिन भाजपा नेता तटस्थ रहे। जिसके चलते आयुक्त ने यह कदम उठाने के लिए मजबूर हो गये। आदेश किस तिथि में जारी हुआ है सार्वजनिक होने के बाद ही पता चलेगा।
इनका कहना है
मुझे अभी तक लिखित में आदेश नहीं मिला है। निगमायुक्त द्वारा फोन के माध्यम से अवगत कराते हुए वाहन शाखा का प्रभार लेने के लिए कहा गया है आयुक्त के आदेश का पालन करूंगा।
व्हीपी उपाध्याय,ईई,ननि सिंगरौली