सीधी। राज्यसभा सांसद अजय प्रताप सिंह एवं लोकसभा सांसद श्रीमती रीती पाठक ने आज विधानसभा क्षेत्र सिहावल के गांवों में जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। कई स्थानीय समस्याओं का निराकरण कराने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश मौके पर ही दिए गए। द्वय सांसदों द्वारा जन समस्याओं को लेकर काफी संवेदनशीलता के साथ पहल की गई है। जिसका सार्थक असर भी देखने को मिला। मौके पर ही कई ग्रामीणों ने इस तरह की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे उनकी कई पुरानी समस्याओं के निराकरण होने की राह प्रशस्त हुई है। साथ ही अधिकारी भी अब ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण करने की दिशा में अग्रसर होते नजर आ रहे हैं। सुराज पदयात्रा में आज लोकसभा सांसद श्रीमती रीती पाठक ने भी अपनी सहभागिता प्रदर्शित की।
इस दौरान उनके द्वारा भी राज्यसभा सांसद के साथ ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए सार्थक प्रयास किए गए। जन चौपाल को सम्बोधित करते हुए राज्यसभा सांसद अजय प्रताप सिंह ने कहा कि देश के आजादी के 75वें वर्ष में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देशन में देश भर में अमृत महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास हो रहा है। उनके द्वारा भी इसी तारतम्य में ग्राम सुराज पदयात्रा निकाली जा रही है। जिससे लोगों की समस्याओं का ज्यादा से ज्यादा निराकरण कराया जा सके। राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अजय प्रताप सिंह की तीन दिवसीय सुराज पदयात्रा आज से विधानसभा क्षेत्र सिहावल में शुरू हुई। पदयात्रा का शुभारंभ आज सुबह 10 बजे ग्राम पंचायत खोरवा के खोरवा टोला से की गई। इसके बाद पदयात्रा लोहीडाड, कारीमाटी, चितांग एवं हटवा देवार्थ पहुंची।
यह रहे मौजूद
इस अवसर पर पदयात्रा के संयोजक सुधीर शुक्ला, अमलेश्वर चतुर्वेदी, पुष्पराज सिंह भैयन, उषा गोपाल पटेल, मंण्डल अध्यक्ष जयशंकर द्विवेदी, मोतीलाल पटेल, मनोज सिंह पटपरा, सुरेश सिंह किसान मोर्चा, गजराज सिंह, सुनील पटेल, अवनीन्द्र सिंह, राजकुमार पटेल, सुरेश प्रताप सिंह हटवा खास, कमल सिंह परिहार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
आज खड़बड़ा पंचायत से शुरू होगी पदयात्रा
राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अजय प्रताप सिंह की सुराज पदयात्रा आज 1 अक्टूबर को राज्यसभा सांसद अजय प्रताप सिंह की पदयात्रा ग्राम पंचायत मुर्दाडीह के किरौहा से सुबह 9.30 बजे शुरू होगी। तत्पश्चात 10.30 बजे पदयात्रा मुर्दाडीह, 12 बजे खाड़ी, 1 बजे घोघरा, 1.30 बजे गहिरा, 4 बजे धुम्मा टिमसी, 5 बजे दक्षिणी पहाड़ी पहुंचेगी। 2 अक्टूबर को राज्यसभा सांसद की पदयात्रा ग्राम पंचायत खड़बड़ा से सुबह 10.30 बजे शुरू होगी। दोपहर 12 बजे सोनवर्षा, 1 बजे सहजी, 4 बजे उत्तरी पहाड़ी, 5 बजे टिकुरा पहाड़ी पहुंचेगी। ग्राम लोक सुराज पदयात्रा के जिला संयोजक सुधीर शुक्ल ने बताया कि 1 अक्टूबर को यात्रा के प्रभारी सुरेश प्रताप सिंह एवं कमल सिंह परिहार रहेंगे। वहीं 2 अक्टूबर के पदयात्रा प्रभारी कमल सिंह परिहार होंगे।
राज्यसभा सांसद अजय प्रताप भाजपा के सुशासन कि पढ़ रहे कसीदे
पदयात्रा के दौरान कुछ स्थानों पर राज्यसभा सांसद अजय प्रताप सिंह द्वारा छोटी सभाओं को भी सम्बोधित किया जाएगा। पदयात्रा के दौरान श्री सिंह सभी क्षेत्रों में आम जनता की समस्याओं को सुनेंगे तथा उनके निराकरण के लिए सभी प्रयास सुनिश्चित करेंगे। साथ ही जिन स्थानों से पदयात्रा गुजरेगी वहां के लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं इस संबंध में भी पूरी वस्तुस्थिति की जानकारी लेंगे। जहां योजनाओं के क्रियान्वयन में गड़बडिय़ां सामने आएंगी उस पर भी सार्थक कार्यवाही सुनिश्चित कराएंगे।