सिंगरौली 31 मार्च। मध्य प्रदेश का जिला सिंगरौली कमाई पूत ने प्रदेश सरकार का खजाना भर दिया है सिंगरौली जिला ने सभी जिले को पीछे छोड़ते हुए अपने खुद के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ते हुए दिए गए लक्ष्य से अधिक की राजस्व वसूली का खजाने में जमा किया। 1 अप्रैल से नया वित्तीय वर्ष शुरू हो रहा है। लिहाजा विदा होते ही वित्तीय वर्ष में सबसे अधिक राजस्व की वसूली खनिज विभाग द्वारा की गई है।
कलेक्टर राजीव रंजन मीना के निर्देशन एवं खनिज अधिकारी एके राय के मार्गदर्शन में सिंगरौली जिले द्वारा वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए निर्धारित खनिज राजस्व आय के लक्ष्य की प्राप्ति कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है।खनिज विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2021-22 में खनिज राजस्व आय मद में राशि 2976.30 करोड़ की वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। जिसके परिपेक्ष्य में 3052.82 करोड़ की राजस्व वसूली की गयी है। जिले में कार्यरत खनिज अमले ने निर्धारित लक्ष्य की वसूली के लिए वर्ष भर अभियान चलाकर अधिकतम वसूली के लिए अनवरत रूप से प्रयास किये गये।
बता दे कि जिले में निर्धारित लक्ष्य राशि रू.2976.30 करोड़ के विरूद्ध राशि 3032.65 करोड़ की अधिकतम वसूली की गयी है। गत वित्तीय वर्ष 2020-21 में खनिज राजस्व आय मद में 2545 करोड़ की वसूली का लक्ष्य निर्धारित था। जिसके विरूद्ध 2563.90 करोड़ की वसूली की गयी। वहीं वित्तीय वर्ष 2021-22 में की गयी वसूली जिले के इतिहास की सर्वोत्तम वसूली है। जिले में पहली बार 3052.82 करोड़ से अधिक की वसूली की गयी है। जिले में गत वित्तीय वर्ष की तुलना में वर्तमान वित्तीय वर्ष में 488.92 करोड़ अधिक की वसूली की गयी है। जिले द्वारा हासिल की गयी यह उपलब्धि कलेक्टर राजीव रंजन मीना की दूरगामी सोच एवं कार्य के प्रति सतत् जागरूकता एवं लगनशीलता का ही परिणाम है। जिसके परिणाम स्वरूप कोविड-19 संक्रमणकाल के दौरान भी जिले की खनिज राजस्व आय में कोई भी विपरीत प्रभाव नहीं पड़ा है। आगे भी खनिज राजस्व वसूली के क्षेत्र में विभाग नये आयाम स्थापित किये जाने की हर संभव प्रयास करेगा।