February 11, 2026

विंध्य न्यूज़

कहे सच बेहिचक

मोबाइल भी बंद, सुराग नहीं… चितरंगी से रहस्यमई ढंग से युवती लापता, तलाश में जुटी पुलिस

Oplus_131072

सिंगरौली। चितरंगी थाना क्षेत्र से 18 वर्षीय युवती के रहस्यमयी ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। बाजार जाने के बाद युवती न तो घर लौटी और न ही उसका कोई सुराग मिला। मोबाइल फोन भी बंद है, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जिलेभर में तलाश शुरू कर दी है।

थाना चितरंगी से मिली जानकारी के अनुसार गुमशुदगी की सूचना फुलकली उर्फ फुलमती सिंह गोड (50 वर्ष), निवासी ग्राम बूढ़ाडोल टोला खरिका ने दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी रजवंती सिंह गोड (18 वर्ष 6 माह) गांव की ही मानवती सिंह गोड के साथ चितरंगी में रहकर सीएम राइज स्कूल में मजदूरी का कार्य करती थी।

3 फरवरी को दोपहर करीब 2 बजे रजवंती घर पर मौजूद नहीं थी। इसी दौरान मानवती सिंह गोड ने फोन कर परिजनों को जानकारी दी कि रजवंती बिना बताए चितरंगी बाजार की ओर चली गई है। सूचना मिलते ही परिजन शाम करीब 8 बजे चितरंगी पहुंचे और बाजार, रिश्तेदारों व परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन युवती का कहीं पता नहीं चला।

परिजनों ने बताया कि रजवंती के पास मोबाइल नंबर 6264074047 था, लेकिन लगातार कॉल करने के बावजूद फोन रिसीव नहीं हुआ। मोबाइल बंद मिलने से अनहोनी की आशंका गहराने लगी। काफी खोजबीन के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला तो परिजन थाना चितरंगी पहुंचे और गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार युवती का हुलिया- रंग सावला, कद एकहरा, देहाती भाषा बोलने वाली, आठवीं कक्षा तक शिक्षित है। लापता होने के समय उसने हरे रंग का सलवार-कुर्ता पहन रखा था।

थाना चितरंगी में गुम इंसान क्रमांक 08/2026, दिनांक 4 फरवरी 2026 के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों को सूचना भेज दी है। साथ ही संभावित स्थानों पर तलाश, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। इधर परिजन बेटी की सुरक्षित वापसी को लेकर बेहद चिंतित हैं और किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की गई।

About The Author