म.प्र.शासन के निर्देशानुसार 01 नवंबर 2021 को मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस ‘‘आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश’’ के रूप में मनाया जाएगा। मप्र स्थापना दिवस पर जिला मुख्यालय पर प्रभात फेरी साईकिल रैली, आत्मनिर्भर मप्र के लिए जनभागीदारी अभियान पर केन्द्रित गायन, वादन, नृत्य, वाद-विवाद सहित अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएगीं। साथ ही राज्य स्तरीय कार्यक्रम का जिला मुख्यालय पर लाईव प्रसारण किया जाएगा। समारोह के गरिमामय आयोजन के लिए कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान द्वारा अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्री खान ने निर्देशित किया है कि जिला मुख्यालय पर एक नवम्बर को प्रभात फेरी/साईकिल रैली का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार जिला मुख्यालय स्थित महाविद्यालयों एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में आत्मनिर्भर मप्र के लिए जनभागीदारी अभियान पर केन्द्रित वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का शाम 06 बजे से लाईव प्रसारण किया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, धर्मगुरू, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, लोकतंत्र सेनानियों तथा शहीद सैनिकों के परिजन, गणमान्य नागरिक, अधिकारी एवं कर्मचारी, स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। कार्यक्रम आयोजन के दौरान कोरोना गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, उपखण्ड अधिकारी मझौली सुरेश अग्रवाल, चुरहट एसपी मिश्रा, कुसमी आरके सिन्हा, डिप्टी कलेक्टर प्रशांत त्रिपाठी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।