सिंगरौली 28 नवम्बर। जिले के पुलिस विभाग में निरीक्षक, उप निरीक्षक व सहायक उप निरीक्षक के पद करीब-करीब भरे हुए हैं। किन्तु हेड कांस्टेबल तथा आरक्षक के औसतन 35 फीसदी पद खाली पड़े हुए हैं। जिसके चलते पुलिस को कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने व अपराधों की विवेचना करने में काफी अड़चने आ रही हैं। इस संबंध में पुलिस अफसरों के द्वारा लगातार पीएचक्यू भोपाल के यहां पुलिस बल उपलब्ध कराये जाने के लिए पत्राचार किया जा रहा है।
गौरतलब हो कि सिंगरौली जिले का गठन 24 मई 2008 को हुआ था। जिला गठन के बाद सिंगरौली जिले में पुलिस की जो कमी थी और आज वह बनी हुई है। आलम यह है कि पुलिस अनुविभागीय अधिकारी के दो पद कई महीने से रिक्त हैं। चितरंगी एवं देवसर अनुभाग का अतिरिक्त प्रभार क्रमश: मोरवा एसडीओपी व महिला प्रकोष्ठ डीएसपी को सौंपा गया है। वहीं जिले में उप निरीक्षक के 70 पद स्वीकृत हैं जिसमें से 9 उप निरीक्षक के पद रिक्त पड़े हैं। इसी तरह सहायक उप निरीक्षक के 140 में से केवल 2 पद ही रिक्त हैं। पिछले माह प्रधान आरक्षकों का कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक के पद पर पदोन्नत किये जाने के बाद उक्त पदों की करीब-करीब पूर्ति हो गयी। लेकिन जिले में प्रधान आरक्षक व आरक्षक के भारी संख्या में पद खाली हैं। प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक प्रधान आरक्षक के 245 स्वीकृत पदों में से 165 कार्यरत हैं। जबकि 80 पद रिक्त हैं। यही स्थिति आरक्षकों के हैं। जानकारी के मुताबिक जिले के थाना व पुलिस चौकियों तथा रक्षित केन्द्र सहित कुल 685 पद स्वीकृत के विरूद्ध 396 ही आरक्षक कार्यरत हैं। 289 की संख्या में आरक्षकों के पद रिक्त हैं। रिक्त पदों की पूर्ति के लिए पुलिस अधीक्षक की ओर से पुलिस मुख्यालय भोपाल के यहां निरंतर पत्राचार किया जाकर रिक्त पुलिस बल की पूर्ति के लिए अवगत कराया जा रहा है। किन्तु अभी तक पुलिस बल में रिक्त पदों की पूर्ति नहीं हो पा रही है। लिहाजा जिले के पुलिस अधिकारियों को कानून व्यवस्था चुस्त-दुरूस्त बनाने के लिए पड़ोसी जिलों का सहारा लेना पड़ता है। फिलहाल जिले में पुलिस महकमा बल की कमी से जूझ रहा है। माना जा रहा है कि जब तक पुलिस की नवीन भर्तियां नहीं होंगी तब तक पुलिस स्टॉफ का टोटा बना रहेगा।
जिले में स्वीकृ़त पुलिस बल के रिक्त पदों पर एक नजर
नाम स्वीकृत पद कार्यरत रिक्त
पुलिस अधीक्षक 01 01 0
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक 01 01 0
एसडीओपी 06 04 02
निरीक्षक 20 20 0
उप निरीक्षक 70 61 09
सहायक उप निरीक्षक 140 138 02
प्रधान आरक्षक 245 165 80
आरक्षक 685 396 289
योग– 1168 786 382
इनका कहना है
यह शासन स्तर की बात है। हम लगातार पत्राचार के माध्यम से पुलिस बल की कमी के बारे में शासन को अवगत कराते हुए जिले में स्वीकृत बल की पूर्ति के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। आगे भी हम पत्राचार के माध्यम से बलों की संख्या बढ़ाये जाने के लिए शासन से मांग करते रहेंगे।
वीरेन्द्र सिंह,पुलिस अधीक्षक,सिंगरौली