Singrauli News सिंगरौली। नगर पालिका निगम क्षेत्र में 45 वार्ड आते हैं लेकिन एक दर्जन वार्ड ऐसे हैं जो एनसीएल और एनटीपीसी कॉलोनी में आते हैं। इन वार्डो से घर-घर कचरा संग्रहण नहीं किया जाता। वहीं नगर निगम क्षेत्र में प्रतिमाह करीब एक करोड़ों तीस लाख रुपए खर्च करके भी घर-घर कचरे का कलेक्शन और संग्रहण नहीं हो पा रहा है।
पार्षदों ने आरोप भी लगाए हैं कि घर-घर कचरे का संग्रहण और निस्तारण करने वाली सिटाडेल के पास पर्याप्त वाहन जब है ही नहीं तो हर वार्डों में कचरा वाहन कैसे पहुंचे। पार्षदों ने बताया कि एक कचरा गाड़ी से दो-तीन वार्डो का कचरा उठाया जाता है।
वहीं सिटाडेल द्वारा शहर के वार्डों से डोर टू डोर कचरा कलेक्शन और सूखा व गीला कचरा अलग-अलग लेने का दावा किया जा रहा है। लेकिन हकीकत यह है कि न तो निगम का कचरा वाहन गली-मोहल्ले में पहुंच रहा है और ना ही गीला व सूखा कचरा अलग-अलग करके कंपनी को दिया जा रहा है। वहीं कचरा वाहन पर चलने वाले कर्मचारी भी गाड़ी में बैठकर ही आमजन में इशारे में कचरा डालने के लिए बोल रहे है। जिससे लोग गीला-सूखा कचरा अलग न देते हुए एक साथ ही दे रहे हैं। जबकि कचरा गाड़ी में सबसे पीछे घरेलू जैविक हानिकारक अपशिष्ट के लिए बना डिब्बा सिर्फ शो पीस के लिए लगा रहता है। वार्ड क्रमांक 2 मुहेर की बात करें तो इस वार्ड में महीने में सिर्फ दो दिन ही कचरा गाड़ी पहुंच रही है। Singrauli news
Singrauli : नगर निगम पार्षदों ने दी प्रतिक्रिया

घर-घर कचरा संग्रहण गाड़ी दूसरे तीसरे दिन वार्ड में पहुंच रही है। जिस दिन पहुंचती है उसे दिन भी एक दो मोहल्लों से कचरा कचरे का संग्रहण किया जा रहा है। खाली प्लाटों पर लोग कचरा फेंकने को मजबूर है। स्वच्छता में प्रतिमाह 50 प्रतिशत कमीशन बट रहा है।

सिटाडेल कचरा गाड़ियां कम लगाई गई है, इसलिए प्रतिदिन वार्डो से घर-घर कलेक्शन नहीं हो रहा। कचरा कलेक्शन और संग्रहण में व्यापक पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है। कमिश्नर से शिकायत करो तो वह समाधान की बात करते हैं लेकिन करते कुछ नहीं।

शहर में स्वच्छता कहीं नजर नहीं आ रही, नालियां कचरे से बजबजा रही है, खाली जगह पर कचरा फैला है, हमारा वार्ड शहर में है बावजूद इसके बलियारी क्षेत्र में प्रतिदिन कचरा गाड़ियां नहीं पहुंच रही। नगर और राज्य सरकार सहित अधिकारियों ने स्वच्छता में करोड़ों रुपए हर माह का भ्रष्टाचार कर रहें।