सिंगरौली : जिले में एनसीएल की जयंत परियोजना के अंतर्गत काम कर रही कैलिबर माइंस प्राइवेट लिमिटेड (चड्डा) कंपनी पर गंभीर आरोप लगे हैं। कंपनी द्वारा रहवासी इलाके से महज 300 मीटर की दूरी पर लगातार ब्लास्टिंग की जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल है। आरोप है कि यह ब्लास्टिंग डीजीएमएस (DGMS) की निर्धारित गाइडलाइंस का खुला उल्लंघन करते हुए की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि ब्लास्टिंग के कारण उनके घरों को लगातार नुकसान पहुंच रहा है। कई घरों की दीवारों में दरारें आ चुकी हैं, छतों से प्लास्टर गिर रहा है और टीवी सहित अन्य घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। लोगों का आरोप है कि कंपनी न तो सुरक्षा मानकों का पालन कर रही है और न ही किसी तरह की पूर्व सूचना देती है, जिससे खतरा और बढ़ जाता है।
स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन और एनसीएल प्रबंधन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो यह मामला गंभीर हादसे का रूप ले सकता है और लोगों की जान भी जोखिम में पड़ सकती है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही सुरक्षित और नियमों के अनुसार ब्लास्टिंग नहीं कराई गई, तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कितनी जल्दी और कितनी सख्ती से कार्रवाई करता है।