सिंगरौली। चितरंगी विकास खंड के एक आंगनवाड़ी केन्द्र में लगा आपत्तिजनक बोर्ड अब पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर रहा है। जिस जगह से महिलाओं और बच्चों के पोषण, सुरक्षा और संस्कार की नींव रखी जाती है, वहीं अशोभनीय शब्दों का खुलेआम प्रदर्शन न केवल शर्मनाक है, बल्कि विभागीय निगरानी की पोल भी खोलता है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक केन्द्र के बाहर लगा यह बोर्ड लंबे समय से यथावत है, लेकिन महिला एवं बाल विकास विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की नजर उस पर नहीं पड़ी। हैरानी की बात यह है कि जहां नियमित निरीक्षण और मॉनिटरिंग के दावे किए जाते हैं, वहां ऐसी गंभीर चूक कैसे हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह महज एक लापरवाही नहीं, बल्कि संवेदनहीनता का उदाहरण है। अब सवाल उठ रहा है कि क्या विभाग इस मामले में जिम्मेदारी तय करेगा या फिर इसे भी अनदेखा कर दिया जाएगा। महिलाओं की गरिमा और बच्चों के भविष्य से जुड़े इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।