सिंगरौली। जिले के सबसे संवेदनशील सरकारी परिसर माने जाने वाले अपर कलेक्टर कार्यालय और रजिस्ट्री कार्यालय के सामने से दिनदहाड़े मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। इस घटना ने न सिर्फ पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था, बल्कि कलेक्ट्रेट परिसर में लगे CCTV कैमरों की निगरानी पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार ग्राम पिपरा, थाना बरगवां निवासी जवाहर लाल वैश्य 10 अगस्त 2026 को अपनी जमीन संबंधी पेशी के सिलसिले में सिंगरौली पहुंचे थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक UP64V5465, हीरो स्प्लेंडर प्रो को रजिस्ट्री कार्यालय के सामने खड़ा किया और दोपहर करीब 1 बजे अपर कलेक्टर कार्यालय के भीतर चले गए। जब वे करीब एक घंटे बाद लौटे तो उनकी मोटरसाइकिल मौके से गायब थी।
पीड़ित ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। सबसे चिंताजनक बात यह है कि मोटरसाइकिल की डिक्की में जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और लगभग 20 हजार रुपये नकद रखे हुए थे, जो चोरी के साथ ही गायब हो गए।
मामले को लेकर जवाहर लाल वैश्य ने कोतवाली थाना बैढ़न में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से कलेक्ट्रेट परिसर और रजिस्ट्री कार्यालय के सामने लगे CCTV कैमरों की जांच कराने, अज्ञात चोर के खिलाफ FIR दर्ज करने और मोटरसाइकिल बरामद करने की मांग की है।
यह घटना कई सवाल खड़े करती है। जब अपर कलेक्टर और रजिस्ट्री कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण स्थानों के सामने ही सुरक्षा व्यवस्था कमजोर नजर आ रही है, तो आम नागरिक खुद को कितना सुरक्षित महसूस करेगा? क्या CCTV कैमरे सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गए हैं या उनकी मॉनिटरिंग में लापरवाही बरती जा रही है?
फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंच बनती है या यह मामला भी अन्य घटनाओं की तरह फाइलों में सिमटकर रह जाएगा।
आलेख – प्रदीप कुमार द्विवेदी