Singrauli News सिंगरौली। सरई थाना क्षेत्र की बरका पुलिस चौकी अंतर्गत पुरैल गांव में 24 घंटे के भीतर पति-पत्नी की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। सोमवार को जहां चंद्रवती साकेत (30) का शव घर में फांसी के फंदे पर मिला, वहीं मंगलवार को उसके पति संतोष साकेत (34) का शव गांव के जंगल में फंदे पर लटका मिला। एक के बाद एक हुई दोनों मौतों ने घटना को बेहद संदिग्ध बना दिया है और पुलिस जांच के सामने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
चंद्रवती की मौत के बाद उसके मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई थी। परिजनों की आपत्ति के चलते पोस्टमार्टम की कार्रवाई भी तत्काल नहीं हो सकी। पुलिस मामले की परिस्थितियों को समझने में जुटी ही थी कि अगले दिन संतोष का शव जंगल में फंदे पर मिलने की सूचना ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी।
संतोष की मौत के बाद उसके परिजनों ने भी ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की पुलिस स्तर पर अभी पुष्टि नहीं हुई है। यही वजह है कि अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर चंद्रवती की मौत की वास्तविक वजह क्या थी और उसके कुछ ही घंटों बाद संतोष ने जंगल में फांसी क्यों लगाई?
घटना की सूचना मिलते ही सरई थाना प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद सिंह मस्कोले और बरका पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर परिजनों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति भी बनी। पुलिस कार्रवाई को लेकर विरोध और बरका चौकी प्रभारी शिव कुमार सोनवानी के साथ कुछ महिलाओं की झड़प की बात भी सामने आई है। मौके पर थाना प्रभारी के वाहन के चारों पहियों की हवा निकाले जाने की बात भी सामने आई, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस दोनों मौतों के बीच संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है।
सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि मृतक दंपती के चार बच्चे हैं और सभी की उम्र करीब 10 वर्ष से कम बताई जा रही है। पति-पत्नी दोनों की मौत के बाद चार मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया। एक परिवार की यह त्रासदी अब पूरे गांव के लिए सवाल बन गई है।
फिलहाल पुलिस जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि चंद्रवती की मौत आत्महत्या थी या कोई अपराध हुआ था और उसके बाद संतोष की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।