17 अप्रैल की बैंक डकैती के बाद से था फरार, पुलिस रिमांड में खुलेंगे लूटकांड से जुड़े कई राज
सिंगरौली। बैंक ऑफ महाराष्ट्र में 17 अप्रैल 2026 को हुई चर्चित डकैती के मामले में सिंगरौली पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने बिहार के जहानाबाद जिले में दबिश देकर डकैती की साजिश में कथित रूप से शामिल एक और आरोपी राहुल राज (34) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बताई जा रही टाटा नेक्सान कार, मोबाइल फोन और 46 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार राहुल राज पिता उपेंद्र सिंह बघेल, निवासी ग्राम इमलिया, थाना पाली, जिला जहानाबाद, बिहार को लंबे समय से तलाश किया जा रहा था। बैंक डकैती के बाद फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए गठित टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान पुलिस को राहुल राज के बिहार में होने की जानकारी मिली, जिसके आधार पर टीम ने जहानाबाद में कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया।
डकैती की साजिश में शामिल होने का आरोप
पुलिस की जांच में राहुल राज के डकैती के कथित सरगना पप्पू जायसवाल, विक्की कुमार तथा वारदात को अंजाम देने वाले फंटूस और उसके साथियों कमलेश, पंकज, राजेश व छोटू के संपर्क में होने की बात सामने आई है। पुलिस का दावा है कि राहुल राज डकैती की योजना बनाने और वारदात के बाद लूट के माल को ठिकाने लगाने में कथित रूप से शामिल था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से डकैती की योजना, साथियों की भूमिका, लूट की रकम और वारदात के बाद माल को ठिकाने लगाने से जुड़े बिंदुओं पर पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर टाटा नेक्सान कार क्रमांक BR 11 AR 7756, ओप्पो मोबाइल और 46 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान बैंक डकैती से जुड़े अन्य फरार आरोपियों और पूरे नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा और नगर पुलिस अधीक्षक ललित बैरागी के नेतृत्व में पुलिस टीम फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक अशोक सिंह परिहार सहित पुलिस अधिकारियों और जवानों की भूमिका रही।