सिंगरौली। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में मकरोहर क्षेत्र से नशे के कथित कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। संयुक्त पुलिस टीम ने दबिश देकर 91 किलो 790 ग्राम गांजा, 93 लीटर अवैध शराब और दो कारें जब्त की हैं।
पुलिस के मुताबिक जब्त मशरूके की कुल अनुमानित कीमत 24 लाख 86 हजार 910 रुपये है। कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस के अनुसार मकरोहर क्षेत्र में अवैध गांजा और शराब के भंडारण एवं बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। मौके से बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 18 लाख 35 हजार 800 रुपये, जबकि 93 लीटर शराब की कीमत करीब 51 हजार 110 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने गांजा और शराब के परिवहन में इस्तेमाल होने के आरोप में होंडा कार क्रमांक WB06A5526 और टाटा कार क्रमांक UP64U7303 भी जब्त की हैं। दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत छह लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान मकरोहर निवासी भूपेन्द्र सिंह उम्र 32 वर्ष और सुशील सिंह उम्र 36 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक मामले में कुल चार आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। इनमें दो आरोपी गिरफ्तार हैं, जबकि दो फरार हैं। फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
कार्रवाई की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मादक पदार्थ के स्रोत, परिवहन, आपूर्ति और वितरण से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाकर अन्य संभावित आरोपियों तक पहुंचने के निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में उप निरीक्षक पवन सिंह, उप निरीक्षक उदय करिहार और सासन चौकी प्रभारी उप निरीक्षक बी.एल. बंसल सहित अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।