सिंगरौली 21 अक्टूबर। लंघाडोल थाना क्षेत्र में शरारती व अराजकतत्वों का हौसला धीरे-धीरे बढऩे लगा है। पुलिस की लुंज-पुंज कार्यप्रणाली का फायदा शरारती तत्व व चोर उचक्के उठाने लगे हैं। ऐसा ही सनसनीखेज मामला बिंदूल गांव का आया है। जहां बर्तन धोते समय एक 14 वर्षीय किशोरी का उसी गांव के रिश्ते के चचेरे भाई ने अपहरण कर जंगल की ओर भाग खड़ा हुआ है। घटना की सूचना मिलने के बाद लंघाडोल एवं सरई पुलिस तलाश में लगी हुई है। यह घटना आज गुरूवार की अपरान्ह 4.30 बजे बिंदूल गांव की है।
घटना के संबंध में पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बिंदूल गांव निवासी एक 14 वर्षीय बालिका अपने घर के आंगन में बर्तन धूल रही थी। उसका छोटा भाई बाहर बैठा था तभी गांव के ही रिश्ते में उसके कथित चचेरा भाई उम्र करीब 35 से 40 वर्ष किशोरी के घर पहुंच उसे जबरन उठाकर भाग खड़ा हुआ। किशोरी का छोटा भाई उसके इस हरकत को देख शोर मचाने लगा। तब तक वह जंगल की ओर लेकर भाग खड़ा हुआ। इसकी सूचना पुलिस को दी गयी। लंघाडोल व सरई पुलिस अपहृत किशोरी व आरोपी की तलाश में जुट गयी है। उक्त घटना में कितनी सच्चाई है अपहृत किशोरी के बरामद व आरोपी के गिरफ्तार होने के बाद ही पता चल पायेगा। किन्तु देर रात तक बिंदूल के जंगल में पुलिस बल दोनों की तलाश में जुटी रही।